आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

राममय छत्तीसगढ़

राममय छत्तीसगढ़


छत्तीसगढ़ में रामायण की पावन गाथा जनसामान्य की दैनिक दिनचर्या में पूरी तरह घुली-मिली है। दिन के आरम्भ से रात्रि में सोने तक, तो जन्म से लेकर मृत्यु तक; यहाँ जीवन राम नाम के बिना अपूर्ण है। चूंकि वर्तमान छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का पवित्र मायका है, इसलिए यहाँ श्रीराम को ब्रह्माण्ड के स्वामी से कहीं अधिक एक लाड़ले भांजे के रूप में अगाध दुलार मिलता है। रीझे यादव जी ने अपने इस लेख में सुबह के अभिवादन से लेकर खेतों में पसीना बहाकर थकान मिटाते किसानों की वाणी में विद्यमान राम का वर्णन कर यह दिखलाया है कि छत्तीसगढ़ के जनजीवन में सगुण और निर्गुण राम किस प्रकार गुंथे हुए हैं।


छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और यहाँ का ग्रामीण जनजीवन पूरी तरह से राममय है। यहाँ का ग्रामीण अपने दिन की शुरुआत आत्मीयता के साथ "राम-राम" का अभिवादन करके ही करता है। खेतों में कठोर श्रम करने के उपरान्त जब शरीर थक जाता है, तो विश्राम के लिए यहाँ का किसान सहज भाव से "राम कहो रे जीव" कहता है।

कृषि कार्य सम्पन्न होने के बाद जब अन्न को कोठी में ले जाने के पूर्व काठा से नापा जाता है, तब गिनती कभी भी 1 से शुरू नहीं होती, बल्कि पहली गिनती को "राम" कहा जाता है। यह अनूठी परम्परा सिद्ध करती है कि यहाँ का एक अनपढ़ ग्रामीण भी राम की महत्ता से भलीभांति परिचित है। जब मृतक के शरीर को श्मशान तक ले जाया जाता है, तब "राम नाम सत्य है" का ही उद्घोष होता है।


 रामनाम की महत्ता को है लोक की सहर्ष मान्यता 

छत्तीसगढ़ का श्रीराम के साथ ऐतिहासिक सम्बन्ध उनके जन्म से भी पूर्व का है। जब अयोध्या नरेश राजा दशरथ आयु के चौथेपन में भी पुत्रविहीन थे, तब महर्षि वशिष्ठ ने उन्हें पुत्रकामेष्टि यज्ञ करने का परामर्श दिया था। यह यज्ञ कराने के लिए उन्होंने महान तपस्वी महर्षि शृंगी का मार्गदर्शन प्राप्त करने की बात कही थी, जो उस समय छत्तीसगढ़ के सिहावा अंचल में निवास करते थे। ऐसा उल्लेख मिलता है कि राजा दशरथ स्वयं महर्षि को ससम्मान आमन्त्रित करने के लिए पैदल ही सिहावा तक आए थे।

उनके कुशल मार्गदर्शन में ही पुत्रकामेष्टि यज्ञ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ और इसके फलस्वरूप राजा दशरथ को राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जैसे 4 महान प्रतापी पुत्रों की प्राप्ति हुई। एक जनश्रुति यह भी है कि माता कौशल्या की बड़ी बहन शांता का विवाह कालान्तर में महर्षि शृंगी के साथ सम्पन्न हुआ था। शृंगी ऋषि के इसी सिहावा आश्रम क्षेत्र से छत्तीसगढ़ की पुण्य सलिला महानदी का उद्गम होता है।

त्रेतायुग में श्रीराम ने चित्रकूट से होते हुए छत्तीसगढ़ के सरगुजा क्षेत्र से विशाल दंडकारण्य में प्रवेश किया था। भगवान राम के वन गमन का यह पावन पथ आज राम वन गमन परिपथ के रूप में जाना जाता है। रामगिरी की पहाड़ियां, सीताबेंगरा गुफा, तुरतुरिया का आश्रम, शिवरीनारायण, राजिम और बस्तर के सघन वनों तक यह विस्तृत मार्ग श्रीराम के पुनीत चरणों से पवित्र हुआ है।

शिवरीनारायण के पावन स्थान पर भगवान श्रीराम ने जनजातीय माता शबरी के जूठे मीठे बेर अत्यन्त प्रेमपूर्वक खाए थे और उन्हें नवधा भक्ति का अनुपम वरदान दिया था। राजिम के त्रिवेणी संगम पर माता सीता ने अपने हाथों से रेत का एक सुन्दर शिवलिंग बनाकर भगवान शिव की सविधि पूजा की थी, जो आज भी कुलेश्वरनाथ महादेव के रूप में राजिम में विराजमान है।


कुलेश्वर महादेव 

गरियाबन्द जिले में स्थित रमईपाट पहाड़ी पर भगवान श्रीराम और अनुज लक्ष्मण के साथ माता सीता की एक अतीव दुर्लभ मूर्ति स्थापित है, जिसमें माता सीता को गर्भवती स्वरूप में दर्शाया गया है। फिंगेश्वर से धमतरी जाने वाले मार्ग पर अतरमरा और कुम्हरमरा नामक 2 प्राचीन गाँव स्थित हैं जहाँ अत्रि मुनि और कुंभज ऋषि के पावन आश्रम हुआ करते थे।

छत्तीसगढ़ के समृद्ध लोकनाट्य और सुमधुर लोकगीतों में भी भगवान राम पूरी तरह से समाहित हैं। जन्म के समय गाए जाने वाले सोहर गीत में राम की उपस्थिति का सुन्दर उदाहरण है "धन धन कौशिल्या तोरे भाग ल ओ, के ललना राम लिए हो अवतार हो"। प्रसिद्ध सुआ नृत्य में भी यहाँ की महिलाएं सुमधुर गीत गाती हैं "हर लेगे सीतामाई ला रावन हर लेगे"। नवरात्र पर देवी आराधना के जसगीतों में भी विशद वर्णन होता है "कोन बंधाए ताले सगुरिया, राम बंधाए ताले सगुरिया"।


छत्तीसगढ़ के लोकजीवन में कण-कण में बसे हैं राम 

रंगों के पावन पर्व होली पर गाए जाने वाले फाग गीतों में गाया जाता है "श्रीराम अवध मा खेले होरी, जिंहा बाजे नंगाड़ा 10 जोरी"। ददरिया लोकगीत की पंक्तियां हैं "राम धरे बरछा लखन धरे बान, सीता माई के खोजन बर निकलगे हनुमान"। दीपावली पर राऊत समाज गाता है "आगू-आगू राम चलत हे पाछू मा लछमन भाई, मांझ मंझोलन सिया जानकी चित्रकूट बर जाई"।

इस प्रकार छत्तीसगढ़ के सम्पूर्ण जनजीवन और यहाँ की मिट्टी में राम का एक गहरा प्रभाव है। यह अत्यन्त विलक्षण बात है कि छत्तीसगढ़ में केवल सगुण राम के उपासक ही नहीं बसते, बल्कि यहाँ निर्गुण और निराकार राम को अगाध आस्था के साथ मानने वाले भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। यहाँ का रामनामी समाज इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। यह समाज अपने सम्पूर्ण शरीर पर राम नाम का अंकन गोदना के रूप में करवाता है। शिवरीनारायण, रायगढ़, सारंगढ़, चन्द्रपुर और बिलाईगढ़ के क्षेत्रों में निवास करने वाला यह जनजातीय समाज प्रमाणित करता है कि भगवान राम छत्तीसगढ़ के कण-कण में रचे बसे हैं। 

-रीझे यादव
(लेखक वरिष्ठ साहित्यकार, व्यंग्यकार व अनुभवी शिक्षक हैं, जो अपनी लेखनी और समाचार पत्रों के माध्यम से सामाजिक एवं वैचारिक विमर्श में निरंतर वैचारिक योगदान करते हैं।)

 

Follow us on social media and share!