आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

मीरां और जीवगोस्वामी का मिलन: मीराँ के जीवन की एक प्रभावी घटना

मीरां और जीवगोस्वामी का मिलन: मीराँ के जीवन की एक प्रभावी घटना


मीरांबाई विक्रमादित्य के शासन काल में अपने ससुराल चित्तौड़गढ़ से अप्रसन्न होकर अपने पीहर मेड़ता चली गई थी, ऐसा प्रतीत होता है। मीरांबाई की यह मेड़ता की यात्रा वि.सं. 1592 के आस-पास हुई मानी जाती है। इस प्रकार मीरां और जीवगोस्वामी का वृन्दावन में मिलन एक ऐतिहासिक घटना के रूप में प्रसिद्ध है। वृन्दावन में रहकर मीरां कुछ समय पश्चात् गुजरात में द्वारकाधीश के दर्शनार्थ जाने का तय कर चुकी थी। अतः मीरां का गुजरात की ओर पदार्पण भी वि.सं. 1592 के बाद का रहा है।

उस समय जीव गोस्वामी वृन्दावन में अपना आश्रम बनाकर प्रसिद्धि पा चुके थे। मीरां ने सोचा था कि वृन्दावन में तो मैं बहुत रह चुकी हूं और अब तीर्थाटन की दृष्टि से गुजरात की तरफ चल देना चाहिए। इन विचारों में रहते हुए मीरां जब गुजरात की ओर प्रस्थान करने के लिये तैयार हुई, तब उसे याद आया कि यहां अर्थात् वृन्दावन में, जीवगोस्वामी भी विद्यमान हैं, जिनके दर्शन करना आवश्यक है। इसके बाद गुजरात की ओर प्रस्थान करने से पूर्व वह वृन्दावन में जीवगोस्वामी के दर्शनार्थ उनके आश्रम पर जा पहुंची। इस तथ्य के प्रमाण में भक्तमाल की भक्तिरस बोधिनी टीका तथा पद प्रसंग माला के अलावा भी अनेक उल्लेख मिलते हैं। यथा :–

(1) पहला उल्लेख – वृन्दावन में साधुओं और भक्तों का दर्शन करती हुई मीरांबाई जीवगुसाई के स्थान पर उनके दर्शनार्थ गई। परन्तु जीव गुसाईं ने उनको बाहर ही कहला भेजा कि हम स्त्रियों से नहीं मिलते। इस पर मीरांजी ने जवाब दिया कि वृन्दावन में मैं सबको सखी रूप जानती थी और पुरुष केवल गिरिधर लाल को ही सुना था, पर आज मालूम हुआ कि उनके एक और पट्टीदार हैं। इन प्रेमरस से भिदे हुए उक्त वचन को सुनकर गुसाईं जी अति लज्जित हुए और नंगे पैर बाहर आकर मीरांजी को बड़े आदर भाव से अपने स्थान में ले गए।

कृष्णभक्ति में समर्पित संत मीरांबाई
कृष्णभक्ति में समर्पित संत मीरांबाई

(2) दूसरा उल्लेख– दूसरा उल्लेख भानुसुखराम निर्गुणराम मेहता द्वारा लिखित ‘मीरांबाई’ में मिलता है। यह उल्लेख इस प्रकार है– “मीरांए एने मलवाने कहेवडाव्युं के, ‘वाह महाराज। हसी तमे स्त्रीपुरुषना भेदमांज रमी रह्या छो? फीकर नहिं, आपणी बेनी वच्चे पडदो राखी आपणे वातों करीशुं’ मीरांनी तीव्र इच्छा जोई, तेणे कबुल कर्युं। एटले मीरां मलवा गई, ने प्रणाम करी तेणे कह्युं, “महाराज, भागवत मां आवो एक उल्लेख छे के, ‘वासुदेव (प्रभानेक) स्त्री भयमीतरज्जगत्। एटले ब्रजमां तो मात्र वासुदेव गिरधर पुरुष छे, बीजी बधी स्त्रीओं के गोपीओ छे। तो आप वृन्दावनमां बसीने पुरुष शी रीत रह्या छो तेज मने आश्चर्यमय लागे छे। आजेज में जाण्युं के, वासुदेव बिना बीजा पुरुष पण व्रनमां बसे छे।” आ मार्मिक सांभलता ज जीवगोसाईंये पडदो घसेडावी नाख्यो, अने मीरां साथे खुल्ले दिल हरिनी कथा करी आनंद कीधो।

मीरां और जीवगोस्वामी के मिलन के ये उल्लेख और भी परवर्ती अनेक ग्रंथों में मिलते हैं। इन उल्लेखों से मीरां के जीवन की इस घटना का स्वतः प्रमाणित होना पाया जाता है। अतएव मीरां और जीवगोस्वामी के मिलने की यह घटना लोक-जीवन की स्मृति की नहीं, अपितु एक ऐतिहासिक घटना है। मीरां के जीवन में ऐसी और भी घटनाएँ रही होंगी, जो काल–कवलित हो चुकी हैं। इन घटनाओं का लोकजीवन में अथवा दंतकथाओं में प्रचार-प्रसार नहीं पाया जाता। लोक-जीवन में तो केवल मीरां के पद ही प्राप्त होते हैं।

मीरां और जीव गोस्वामी के मिलन की इस ऐतिहासिक घटना का प्रभाव देशभर के संपूर्ण वैष्णव भक्तों में रहा होगा, यह सहज माना जा सकता है। विषपान के बाद भी मीरां का जीवित रहना एक प्रसिद्ध घटना थी। दूसरी जीवगोस्वामी के मिलन के बाद की इस घटना से भी मीरां को अत्यन्त प्रसिद्धि मिली होगी। कारण कि इस घटना का घटित होना जीव गोस्वामी के साथ ही प्रसिद्धि का कारण नहीं हो सकता, अपितु इसलिये हो सकता है कि यह घटना कहीं और जगह नहीं, बल्कि वृन्दावन में घटित हुई थी।

श्री जीव गोस्वामी 
श्री जीव गोस्वामी 

मीरां के जीवन में इस घटना का घटित होना विशेष महत्त्व रखता है। यह घटना जीव गोस्वामी जैसे संत के साथ घटी थी और मीरां द्वारा शास्त्रार्थ में वे पराजित हुए थे। मीरां के जीवन में इस घटना को लेकर कईं विद्वानों ने लिखा तो अवश्य हैं, किन्तु वे इस घटना के द्वारा मीरां की महिमा को मंडित करना भूल गये। मीरां के जीवन की इस घटना को लेकर न केवल सामान्य भक्तों में, बल्कि वैष्णव संप्रदाय के भक्तों में भी हलचल मच गई होगी।

अनुमानित होता है कि इसी घटना से प्रभावित होकर महाराणा उदयसिंह ने मीरां के प्रति आदर–भाव व्यक्त किया होगा और इस घटना का उल्लेख अपने शब्दों में मीरां सुधा सिन्धु के संपादक श्री स्वामी आनन्दस्वरूप जी ने भी किया है। वे लिखते हैं वृन्दावन वास की अवधि में एक बार मीरांबाई ने सुना कि यहाँ श्री चैतन्य महाप्रभु के शिष्य श्रीरूप और सनातन गोस्वामीजी के भतीजे श्रीजीव गोस्वामी रहते हैं।

वे बड़े ही धुरन्धर पंडित और ज्ञानी हैं। यह सुनकर मीरांबाई उनके दर्शन को गई परन्तु उसे दर्शन नहीं हुए क्योंकि वे महात्मा पर्दे के भीतर थे। उनके शिष्य ने बाहर आकर कहा कि “आपको गोस्वामीजी के दर्शन नहीं हो सकेंगे क्योंकि स्वामीजी महाराज कभी प्रकृति रूप स्त्री मात्र का मुख नहीं देखते” यह सुनकर कुछ मुस्करा कर मीरांबाई ने निर्भीकता से उस शिष्य को सुना दिया कि तुम्हारे गुरु महाराज को कह देना कि मैं समझती थी कि ‘वासुदेवः पुमानेकः स्त्रीमयमितरं जगत् (श्रीभागवत)।

आचार्य जीव गोस्वामी और मीरांबाई
आचार्य जीव गोस्वामी और मीरांबाई

ब्रज में तो वासुदेव, कृष्ण ही एक मात्र पुरुष और शेष सब गोपियाँ हैं। परन्तु आश्चर्य है कि आज दूसरे भी कोई उनके पट्टीदार पुरुष प्रकट हुए हैं, जो इस ब्रज में स्त्री का मुंह नहीं देखना चाहते। ठीक है स्वामीजी पुरुष हैं तो मैं भी दूसरे पुरुष से मिलना नहीं चाहती। पुरुषत्व के अभिमानी से भाषण भी करना मैं नही चाहती। यदि स्वरूप को पहचानते तो गोस्वामीजी कभी ऐसा नहीं कहते कि मैं पुरुष हूँ। जब तक पूर्ण ब्रह्म से भिन्नता है, तब तक सबके सब स्त्री हैं। यह ब्रज और विशेषकर वृन्दावन तो श्री गोपीश्वरी राधारानी की राजधानी है। इस वृन्दावन में श्री कृष्णचन्द्र ही एक मात्र पुरुष हैं बाकी सर्व प्रकृति। यहाँ रहकर यदि साधना करनी है तो श्रीराधा और गोपियों की शरण लेकर ही सफल हो सकती है। नहीं तो जिन्हें अपने पुरुषपन का अहंकार हो उन्हें चाहिए कि वे इस ब्रजभूमि के बाहर कहीं जाकर साधना किया करें।

गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर से मीरां को मेवाड़ लौटा लाने के लिये अपने प्रतिनिधि–मंडल को भेजा होगा। प्रतीत होता है कि मीरां और जीव गोस्वामी के मिलन की इस घटना के महत्त्व पर विशेष विस्तार के साथ एवं अन्य प्रमाणिक उल्लेखों के साथ विद्वानों को विशेष विवरण देकर विशद रूप में लिखना चाहिए। इस घटना पर जो लिखा गया है। वह संकेत मात्र है, जबकि यह घटना मीरां के व्यक्तित्व के विकास में बहुत बड़ा स्थान रखती है।

लेख-
डॉ. पुष्पा कलाल

उदयपुर, राजस्थान 

Follow us on social media and share!