आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

संघर्ष, साधना और विजय: निराला की कालजयी कृति ‘राम की शक्ति पूजा’

संघर्ष, साधना और विजय: निराला की कालजयी कृति ‘राम की शक्ति पूजा’


भगवान श्रीराम के उदात्त जीवनवृत्त और उनसे जुड़ी घटनाओं के वर्णन में वाल्मीकि रामायण और तुलसीदास कृत रामचरितमानस का भारतीय साहित्य और धार्मिक परम्परा में अत्यन्त महत्त्वपूर्ण स्थान है। किन्तु श्रीराम की साधना, संघर्ष और शक्ति आराधना को केन्द्र में रखकर रचित एक अन्य महत्त्वपूर्ण काव्य भी है, जो उनके व्यक्तित्व को एक साधक और संघर्षशील मनुष्य के रूप में सामने लाता है।

इस काव्य में श्रीराम का चरित्र सामान्य मानव के संघर्ष, साधक की इच्छाशक्ति और कठिन परिस्थिति पर विजय पाने की साधना से जुड़ता है। यहाँ उनकी विजय केवल युद्ध कौशल का परिणाम नहीं, बल्कि आत्मसंयम, तप, साधना और शक्ति की आराधना से प्राप्त होती है। हिन्दी के प्रमुख कवि पं. सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ ने इस विषय को अपनी प्रसिद्ध कविता ‘राम की शक्ति पूजा’ में रूपायित किया। यह कविता 1936 में रची गई और उनके काव्य संग्रह ‘अनामिका’ में संकलित है। इसकी कथा पौराणिक आधार पर विकसित होती है, किन्तु निराला ने इसके माध्यम से सत् और असत् के संघर्ष को मौलिक रूप दिया है। वर्तमान समाज में भी सात्त्विक और तामसिक प्रवृत्तियाँ साथ साथ दिखाई देती हैं। ‘राम की शक्ति पूजा’ इस संघर्ष के बीच सत्य की विजय, साधना, त्याग, समर्पण, भक्ति और धैर्य का काव्य बनकर सामने आती है।

रवि हुआ अस्त; ज्योति के पत्र पर लिखा अमर
रह गया राम-रावण का अपराजेय समर

आज का, तीक्ष्ण-शर-विधृत-क्षिप्र-कर, वेग-प्रखर,
शत-शेल-संवरण-शील, नील-नभ-गर्जित-स्वर,
प्रति-पल-परिवर्तित-व्यूह, भेद-कौशल-समूह,
राक्षस-विरुद्ध-प्रत्यूह, क्रुद्ध-कपि-विषम-हूह,
विच्छुरित-वह्नि-राजीव-नयन-हत-लक्ष्य-बाण,
लोहित-लोचन-रावण-मदमोचन-महीयान,
राघव-लाघव-रावण-वारण-गत-युग्म-प्रहर,
उद्धत-लंकापति-मर्दित-कपि-दल-बल-विस्तर,

सूर्य अस्त हो चुका है। उस दिन का राम रावण युद्ध स्थगित हो गया है। कोई पक्ष निर्णायक रूप से विजयी नहीं हुआ, किन्तु रावण ने अपने प्रबल पराक्रम से राम की वानर सेना को विचलित कर दिया है। कथानक में महावीर हनुमान ऐसे योद्धा के रूप में सामने आते हैं, जो रावण का प्रतिरोध करते हुए श्रीराम के मन में आशा बनाए रखने का प्रयास करते हैं। राम के बाण लक्ष्य भेदन में अपेक्षित प्रभाव नहीं दिखा रहे हैं, जबकि रावण अपने युद्ध कौशल और शक्ति का प्रदर्शन कर रहा है।


राम-रावण युद्ध का प्रारम्भिक संकटपूर्ण दृश्य

वानर सेना अस्त व्यस्त हो चुकी है। सुग्रीव और अंगद जैसे योद्धा युद्धभूमि में मूर्च्छित पड़े हैं। लक्ष्मण और जामवन्त जैसे पराक्रमी योद्धा ही शत्रु का प्रतिरोध करने की स्थिति में दिखाई देते हैं। इस संकट के समय हनुमान संकटमोचन की भूमिका में हैं। राम युद्ध की स्थिति देखकर सीता की दशा को लेकर भी चिन्तित हैं। लक्ष्मण का तेजस्वी मुख भी म्लान दिखाई देता है। निराला का दृश्य विन्यास ऐसा है कि बाहर रात्रि का अन्धकार है और भीतर पूरी वानर सेना में निराशा का भाव व्याप्त है।

अगले दिन के युद्ध की रणनीति के लिए राम अपने शिविर में विचार कर रहे हैं। वे विजय का मार्ग खोजने का प्रयास करते हैं। निराला यहाँ राम को केवल ईश्वरीय अवतार के रूप में नहीं, बल्कि संघर्ष से गुजरते मनुष्य के रूप में प्रस्तुत करते हैं। इस रूप में राम आशा और निराशा, दोनों से गुजरते हैं। वे अधर्म, अत्याचार और अन्याय की शक्ति को सामने देखकर विचलित होते हैं। साथ ही वे रावण की शक्ति को समझने और उसके समाधान का मार्ग खोजने का प्रयास करते हैं। यही इस काव्य का एक महत्त्वपूर्ण मानवीय पक्ष है।

ऐसे क्षण अन्धकार घन में जैसे विद्युत,
जागी पृथ्वी-तनया-कुमारिका-छवि, अच्युत,
देखते हुए निष्पलक, याद आया उपवन
विदेह का, प्रथम स्नेह का लतान्तराल मिलन
नयनों का-नयनों से गोपन-प्रिय संभाषण,
पलकों का नव पलकों पर प्रथमोत्थान-पतन,
काँपते हुए किसलय, झरते पराग-समुदाय,
गाते खग-नव-जीवन-परिचय,—तरु मलय-वलय,
ज्योतिःप्रपात स्वर्गीय,ज्ञात छवि प्रथम स्वीय,
जानकी-नयन-कमनीय प्रथम कम्पित तुरीय।

निराशा के क्षणों में राम की स्मृति में जानकी की छवि उभरती है। उन्हें जनकवाटिका में सीता से हुई पहली भेंट स्मरण आती है। यह स्मृति उनके मन में उत्साह और संकल्प का संचार करती है। इसी क्रम में उन्हें अपने उन बाणों का स्मरण होता है, जिनसे ताड़का, सुबाहु, त्रिशिरा और खर दूषण जैसे राक्षसों का वध हुआ था। किन्तु वर्तमान युद्ध में वही शक्ति मानो निष्फल हो रही है। राम को अनुभव होता है कि रावण के पीछे कोई बड़ी शक्ति सक्रिय है। उनके मन में देवी महाशक्ति का विराट स्वरूप उभरता है, जो नील गगन को आच्छादित किए हुए रावण की रक्षा करती दिखाई देती है। मानो रावण उसी शक्ति के संरक्षण में राम पर अट्टहास कर रहा हो।

सीता-स्मृति से जागता राम का संकल्प
सीता-स्मृति से जागता राम का संकल्प

बोले विश्वस्त कंठ से जांबवान—रघुवर,
विचलित होने का नहीं देखता मैं कारण,

हे पुरुष-सिंह, तुम भी यह शक्ति करो धारण,
आराधन का दृढ़ आराधन से दो उत्तर,

तुम वरो विजय संयत प्राणों से प्राणों पर;
रावण अशुद्ध होकर भी यदि कर सका त्रस्त

तो निश्चय तुम हो सिद्ध करोगे उसे ध्वस्त,
शक्ति की करो मौलिक कल्पना, करो पूजन,

छोड़ दो समर जब तक न सिद्धि हो, रघुनंदन!

हनुमान राम के समीप बैठकर उनकी चरण वन्दना में ध्यानमग्न हैं। राम स्वयं ध्यान में उस शक्तिशाली रावण को महाशक्ति के संरक्षण में देखते हैं और अपनी सेना की बार बार विफलता का कारण खोजने का प्रयास करते हैं। इसी समय जामवन्त राम को शक्ति उपासना का सुझाव देते हैं। वे संकेत करते हैं कि यदि रावण शक्ति की आराधना से समर्थ हुआ है, तो उसका उत्तर भी शक्ति की आराधना से दिया जाना चाहिए।

राम शक्ति की साधना का निश्चय करते हैं। कथानक के अनुसार वे 108 नीलकमलों से देवी की पूजा प्रारम्भ करते हैं। युद्ध से कुछ समय के लिए अलग होकर वे साधना में प्रवृत्त हो जाते हैं। एक एक दिन बीतता है। पाँच दिनों तक राम साधना में लीन रहते हैं। निराला इस साधना को योग की क्रमिक अवस्थाओं के रूप में प्रस्तुत करते हैं। राम एक योगी की तरह जप करते हैं और हनुमान द्वारा लाए गए कमलों को देवी के चरणों में अर्पित करते जाते हैं। जब साधना पूर्ण होने के निकट पहुँचती है, तब देवी राम की परीक्षा लेने का निर्णय करती हैं और अन्तिम नीलकमल उठा लेती हैं। अब राम के सामने एक कठिन स्थिति उत्पन्न होती है। पूजा पूर्ण करने के लिए एक कमल कम है। इसी क्षण राम को स्मरण आता है कि उनकी माता उन्हें ‘राजीवनयन’ कहा करती थीं। कमल के समान उनके नेत्र ही अब उस अन्तिम नीलकमल का स्थान ले सकते हैं।

“यह है उपाय” कह उठे राम ज्यों मंद्रित घन
कहती थीं माता मुझे सदा राजीवनयन!

दो नील कमल हैं शेष अभी, यह पुरश्चरण
पूरा करता हूँ देकर मातः एक नयन।'

कहकर देखा तूणीर ब्रह्मशर रहा झलक,
ले लिया हस्त, लक-लक करता वह महाफलक;

ले अस्त्र वाम कर, दक्षिण कर दक्षिण लोचन
ले अर्पित करने को उद्यत हो गए सुमन।

राम अपने बचपन की स्मृतियों को याद करते हैं। उनकी माता उन्हें राजीवलोचन, राजीवनयन और कमलनयन कहकर पुकारती थीं। साधना अधूरी न रहे, इसके लिए वे अपना नेत्र देवी को अर्पित करने का निर्णय लेते हैं। वे तरकश से बाण निकालते हैं और अपने दाएँ नेत्र को कमल के रूप में अर्पित करने के लिए उद्यत होते हैं। तभी देवी प्रकट होकर उनका हाथ थाम लेती हैं। राम की परीक्षा पूरी हो चुकी थी। देवी उन्हें धैर्यवान साधक के रूप में स्वीकार करती हैं। उनकी शक्ति पूजा सम्पन्न होती है और शक्ति स्वयं उनके साथ हो जाती है।

बचपन की स्मृति
बचपन की स्मृति

देखा राम ने - सामने श्री दुर्गा, भास्वर
वाम पद असुर-स्कंध पर, रहा दक्षिण हरि पर:

ज्योतिर्मय रूप, हस्त दश विविध अस्त्र-सज्जित,
मंद स्मित मुख, लख हुई विश्व की श्री लज्जित,

हैं दक्षिण में लक्ष्मी, सरस्वती वाम भाग,
दक्षिण गणेश, कार्तिक बाएँ रण-रंग राग,

मस्तक पर शंकर। पदपद्मों पर श्रद्धाभर
श्री राघव हुए प्रणत मंदस्वर वंदन कर।

'होगी जय, होगी जय, हे पुरुषोत्तम नवीन!'
कह महाशक्ति राम के वदन में हुईं लीन।

राम के सामने देवी का विराट स्वरूप प्रकट होता है। वे करबद्ध होकर देवी की स्तुति करते हैं। देवी उन्हें विजय का आशीर्वाद देती हैं और अन्ततः राम के भीतर लीन हो जाती हैं। इस प्रसंग के बाद युद्ध केवल बाहरी संघर्ष नहीं रह जाता। राम अपने भीतर की शक्ति को प्राप्त कर चुके हैं। साधना ने उनके संशय को दूर कर दिया है और विजय का विश्वास पुनः स्थापित हुआ है। निराला के कथानक में सात्त्विक और तामसिक शक्ति के बीच संघर्ष दिखाई देता है। रावण भी शक्ति का उपासक है, किन्तु उसकी शक्ति अहंकार, अधिकार और अन्याय से जुड़ती है। दूसरी ओर राम की शक्ति साधना आत्मसंयम, तप और धर्म पर आधारित है।

यही इस कविता का व्यापक अर्थ है। ‘राम की शक्ति पूजा’ केवल राम और रावण के युद्ध की कथा नहीं है। यह उस मनुष्य की कथा भी है, जो कठिन परिस्थिति में अपनी सीमाओं को पहचानता है, निराशा से गुजरता है, समाधान खोजता है और अन्ततः साधना तथा आत्मबल से अपने संकट का सामना करता है। राम यहाँ केवल युद्ध जीतने वाले नायक नहीं हैं। वे साधक हैं। वे उस मनुष्य का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो असफलता के सामने टूटने के बजाय अपने भीतर की शक्ति को जागृत करता है।

निराला की यह रचना इसलिए आज भी प्रासंगिक है। वह संघर्षशील जनों को यह बताती है कि बाहरी विजय से पहले भीतर के संशय, भय और निराशा पर विजय आवश्यक है। साधना, धैर्य और संकल्प के साथ मनुष्य अपने सामने खड़ी कठिन से कठिन परिस्थिति का सामना कर सकता है। इसी अर्थ में ‘राम की शक्ति पूजा’ बुराई पर अच्छाई की विजय के साथ साथ आत्मशक्ति के जागरण का भी काव्य है।

लेख-
डॉ. अदिति गौड़

बाँसवाड़ा, राजस्थान

Follow us on social media and share!