आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

राम: कर्तव्य कौशल के सिद्ध महारथी

राम: कर्तव्य कौशल के सिद्ध महारथी


राम पुरुषोत्तम से भगवान बनने की यात्रा के आदर्श हैं। वे जीवन के गहरे अन्धकार को सूर्य की भाँति भेदने में समर्थ हैं। उनका अवतार ईश्वर की सृष्टि में मनुष्यता द्वारा दिव्यता के प्रति परम विश्वास का पावन प्रतीक है। रामकथा मनुष्यता की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति को बढ़ाती है। आज जिस आत्मानुशासन की आवश्यकता है, राम उस कौशल के सिद्ध महारथी हैं। समस्त वैभव में जन्म लेने के बाद भी गृहस्थ जीवन में रहकर साधक की तरह जीवन जीने का पाठ राम से सीखा जा सकता है।

राम कहीं भी अति चमत्कारिक बनकर मर्यादा का उल्लंघन नहीं करते। वे समस्त मानव जाति को अपने मूल स्वभाव में स्थित रहकर देवत्व की ओर बढ़ने की राह दिखाते हैं। राम मानव जीवन में दुःख की स्थिति को एक शाश्वत सत्य की तरह स्वीकार करते हैं और कुशलता से उसे जीकर दिखाते हैं। उन्होंने मानव जाति को यह सिखाया कि यदि ईश्वर मनुष्य रूप में अवतरित हो सकता है, तो मनुष्य में भी अपने भीतर निहित दिव्य सम्भावनाओं को प्रकट करने की क्षमता है। राम इसी सम्भावना को साकार करने के आधार बिन्दु हैं।

राम का चरित्र साधनहीन और साधारण परिस्थितियों में भी असाधारण बनने का आत्मविश्वास देता है। राम इस बात के प्रतीक हैं कि स्वर्णिम वैभव और प्रकृति से जुड़े जनजीवन के संघर्ष में अन्ततः धर्म और लोकशक्ति का महत्त्व सर्वोपरि रहता है। वे प्रतिकूलताओं से जूझने की संजीवनी और निराश मन के लिए उल्लास हैं। उन्होंने सिखाया कि भय मन को दुर्बल करता है।

वनवास में मर्यादा और आत्मानुशासन का आदर्श
वनवास में मर्यादा और आत्मानुशासन का आदर्श

राम मानव जीवन के लिए ऐसे मानक स्थापित करते हैं, जिनके कारण वे मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाते हैं। उनका आचरण धर्माचरण है और लोककल्याणकारी मर्यादा का आधार है। वे अहंकारी दशानन के दम्भ का मर्दन करते हैं। विजयादशमी का दिन धन, यश और बल के अहंकार के त्याग का भी अवसर है। यह अपने भीतर के रावण को पहचानने और अपने दोषों पर विजय पाने का दिन है। मर्यादामय जीवन जीना ही राम के आदर्श को आत्मसात करने का मार्ग है।

राम दुःख से दूर होने की कोरी कल्पना को पुष्ट करने के बजाय दुःख जैसी मनःस्थिति के कुशल प्रबन्धन का मार्ग प्रशस्त करते हैं। रामकथा भीषण संकट के बीच आत्मबल को सुरक्षित रखने का रहस्य खोलती है। रामबाण एक सुदृढ़ संकल्प और विश्वास का प्रतीक है। आज जिस आत्मानुशासन की आवश्यकता है, राम उसका आदर्श प्रस्तुत करते हैं। साधनों की न्यूनता के बीच भी भावनात्मक रूप से सबल बने रहने का पाठ रामकथा से सीखा जा सकता है।

रावण की लंका में बन्धन में रहने के बाद भी सीता की सात्त्विकता आरोपित तामसिकता के सामने पराजित नहीं होती। यह प्रसंग बताता है कि परिस्थितियाँ मनुष्य की बाहरी स्वतन्त्रता को सीमित कर सकती हैं, लेकिन उसके भीतर के आत्मबल और चरित्र को अनिवार्य रूप से पराजित नहीं कर सकतीं।

अशोक वाटिका में सीता
अशोक वाटिका में सीता

राम का सैन्य बल लोक कौशल का अद्भुत संग्रह है। विश्व के एक शक्तिशाली योद्धा को पराजित करने के लिए वे पड़ोसी राजाओं की सहायता लेने के बजाय वनवासी समुदायों और सामान्य जन पर भरोसा करते हैं। यही लोकशक्ति उनके अभियान का आधार बनती है।

राम मानवीय संवेदनाओं से संघर्ष करने के बजाय उनका सम्मान करना सिखाते हैं। वे मनुष्य को अपने मूल स्वभाव में स्थित रहकर ऊँचे नैतिक और आध्यात्मिक आदर्शों तक पहुँचने का मार्ग दिखाते हैं।

राम का अर्थ बन्धनों से मुक्त होकर परम चेतना के आकाश में रमण करने से भी जोड़ा गया है। जिन दशरथ का अपनी दसों इन्द्रियों पर नियन्त्रण है और जिन कौशल्या में ज्ञानेंद्रियों तथा कर्मेंद्रियों को संतुलित रूप से धारण करने की सामर्थ्य है, उनके यहाँ राम का प्रकट होना एक गहरे प्रतीकात्मक अर्थ की ओर संकेत करता है।

लोकशक्ति और सामूहिक पुरुषार्थ का सेतुबन्ध
लोकशक्ति और सामूहिक पुरुषार्थ का सेतुबन्ध

राम एक जीवन दृष्टि हैं। वे अपनी कृपा से सब कुछ स्वतः ठीक कर देने का दावा नहीं करते, बल्कि अपने मर्यादित पौरुष और कर्तव्य से परिस्थितियों को सँभालने की कला सिखाते हैं। राम की अयोध्या शान्ति का प्रतीक है, किष्किन्धा प्रकृति के साथ सहकार का और लंका परम वैभव का। रामकथा यह संकेत देती है कि शान्ति और प्रकृति के साहचर्य के आधार पर भी अत्यधिक भौतिक वैभव और अहंकार का सामना किया जा सकता है।

राम प्रतिकूलताओं से जूझने की संजीवनी हैं। उन्होंने यह भी सिखाया कि दुर्लंघ्य को लाँघना ही मनुष्य की शक्ति है। प्राप्त और पर्याप्त के अन्तर को समझकर ही सन्तोष के महत्त्व को जाना जा सकता है। राम सम्पूर्ण प्राणी जगत के जीवन का संबल हैं। वे पुरुषार्थ, धैर्य, संयम और कर्तव्य के प्रतीक हैं। उनके जीवन का संदेश यह है कि कठिन से कठिन परिस्थिति में भी मनुष्य अपनी आन्तरिक स्थिरता और कर्तव्यबोध को सुरक्षित रख सकता है।

जिसका राज्य उसकी शान्त मनःस्थिति है, जिसकी प्रसिद्धि कर्मसिद्धि से प्राप्त होती है, जिसकी साधना निष्काम लगन है, जिसकी शक्ति विनम्रता है और जिसका आधार धैर्य है, वही अयोध्या के राजा राम का आदर्श रूप है। राम सम्पूर्ण जगत के लिए पुरुषोत्तम हैं। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि कर्तव्य, मर्यादा, आत्मानुशासन और लोककल्याण के मार्ग पर चलकर मनुष्य अपने जीवन को उच्चतम अर्थ दे सकता है।

लेख-
प्रो. अमर सिंह

छिंदवाड़ा, मध्य प्रदेश

Follow us on social media and share!