आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

सर्वपितृ अमावस्या: तर्पण और श्राद्ध का महात्म्य

सर्वपितृ अमावस्या: तर्पण और श्राद्ध का महात्म्य


संसार क्षणभंगुर है जिसमें कभी न समाप्त होने वाली वासनाऐं व्यक्ति को अपने में उलझाए रखती है जिनमें मनुष्य का पूरा जीवन लग जाता है । वर्तमान आधुनिक युग में प्रगति और उन्नति के साथ - साथ अपनों से बढ़ती दूरियाँ इस बात का द्योतक है की व्यक्ति अपने जीवन में अकेलेपन का अनुभव करते हुए एक ऐसे प्रियजन की खोज करता है जो उसे सुन सके, उसे स्नेह और प्रेम कर सके, उसके प्रति करुणा के भाव वाला हो।

मनुष्य अपने जिन प्रियजनों से प्रेम करता है उन्हें कभी खोना नहीं चाहता, किंतु उसके वे प्रियजन अपनी स्वार्थसिद्धि के परवश हुए कर्म करते रहते हैं। वास्तव में यह प्रेम नहीं व्यवसाय ही है जिसमें अपने स्वार्थ की सिद्धि करने के प्रतिफल में हम अपने स्वार्थ को सिद्ध करने वाले उस प्रियजन को थोड़ा स्नेह, प्रेम और अपनत्व प्रदान न कर सकें। इसी से जीव पृथ्वी पर व्याकुल होकर सगे - संबंधियों, मित्रों आदि में अपनत्व ढूँढते हुए दुःखी होता है, आज अधिकांश लोगों की यही स्थिति है।

भगवान श्रीकृष्ण श्रीमद्भागवद्गीता में अर्जुन को यही उपदेश करते हैं की इन सगे संबंधियों से ममता, आसक्ति और मोह का सर्वथा त्याग कर दो और केवल एक मुझ सर्वशक्तिमान सर्वाधार परमेश्वर की ही शरण में आ जाओ मैं तुम्हें सम्पूर्ण पापों से मुक्त कर दूँगा, क्योंकि इस मार्ग में दुःख ही दुःख है । फिर भी मनुष्य इन सब बातों को भूलकर संबंधियों के मोह और आसक्ति में उलझकर जीवन भर दुःख भोगता है, और अंततः वह अपने प्रियजनों के स्वार्थ को सिद्ध करता हुआ उनसे थोड़े से स्नेह और प्रेम की अपेक्षा करता हुआ जो उसे कभी प्राप्त नहीं होता उसी नश्वर व्यवसाय में फँसकर अनायास ही काल के गाल में समा जाता है।

गीता का वैराग्य उपदेश
गीता का वैराग्य उपदेश

जब तक व्यक्ति जीवित रहता तब तक उसकी कोई सुधि नहीं लेता आज के संसार की यह रीति बन चुकि है किन्तु व्यक्ति की मृत्युपरांत उसकी प्रशंसा की जाती है। जो वास्तव में अपनों से प्रेम करने वाले हैं वे अपने प्रियजन को किसी प्रकार कष्ट में नहीं देख सकते इसी से मृत्यु के उपरांत भी वे प्रेम को निभाते हुए अपने प्रियजनों के लिए सभी कर्मों का अनुष्ठान करते हैं।

मृतक पूर्वजों के लिए प्रतिवर्ष भाद्रपद पूर्णिमा से आश्विन अमावस्या (सर्वपितृमोक्ष अमावस्या) तक श्राद्ध एवं तर्पण किया जाता है जिन्हें षोडश श्राद्ध कहते हैं। परलोक में वे पितर श्राद्धान्न का उपभोग करते हैं। जिसके श्राद्ध कर्म किए जा रहे हों उसके औरस पुत्र (सवर्ण माता एवं सवर्ण पिता से जन्मा) द्वारा श्राद्ध में पितरों के लिए पिण्ड बनाकर उनका विधिपूर्वक तर्पण किया जाता है। श्राद्ध के लिए पात्र ब्राह्मणों की खोज करके उन्हें निमंत्रित कर कुशासन बिछाकर, कुश धारण कर अपसव्य हो (जनेऊ को बाएँ कंधे से दाएँ कंधे पर करके) विधिपूर्वक भोजन कराने से पितर तृप्त होते हैं।

गया, प्रयाग, गङ्गा, गोदावरी, कुरुक्षेत्र (समंतपंचक तीर्थ), त्र्यंबकेश्वर, श्रीशैल(मल्लिकार्जुन), चित्रकूट, ऋषिकेश, द्वारका,  काशी आदि तीर्थ स्थानों पर किए गए श्राद्ध महान फलदायक होते हैं। श्रीगरुड पुराण आचार कांड अध्याय 82-83 में गया तीर्थ में पिंडदान का वर्णन करते हुए श्रीब्रह्मा जी श्रीव्यास जी से कहते हैं सौ करोड़ वर्षों में भी गया में पिंडदान से मनुष्य को प्राप्त फल का मैं वर्णन नहीं कर सकता । श्रीमहाभारत अनुशासन पर्व दानधर्म उपपर्व में जलाशयों और वृक्षारोपण करने का भी विधान किया गया है जिससे पितर तृप्त होते हैं।

श्रीमहाभारत
श्रीमहाभारत

श्राद्धविधि में सर्वप्रथम देवताओं को धूप, दीप आदि निवेदन करके पितरों के नाम, गोत्र, देश और काल आदि का मंत्रों सहित उच्चारण करते हुए उन्हें हव्य, कव्य प्रदान किया जाता है जिससे वह प्रदान किया गया हव्य, कव्य आदि पितरों को प्राप्त होता है और उनका नरक से उद्धार हो जाता है । श्राद्ध में ब्राह्मणों को भोजन कराने के उपरांत उन्हें और सुपात्रों को अन्न, वस्त्र, भूमि आदि का यथाशक्ति दान और गायों को चारा खिलाने से पितरों को तृप्ति होती है।

श्राद्ध और समस्त और्ध्वदैहिक क्रिया को सम्पन्न करने में पुत्र विशेष है, क्योंकि पुत्र के द्वारा विधिपूर्वक समस्त कर्म करने पर पितरों की सद्गति होती है । मत्स्यपुराण के बाइसवें अध्याय में भी कहा गया है की मनुष्य को अनेकों पुत्रों की कामना करनी चाहिए जिससे कोई एक पुत्र भी यदि गया यात्रा, वृषोत्सर्ग आदि कर्म करेगा तो हमारा उद्धार हो जाएगा।

पुन्नाम्नो नरकाद् यस्मात् पितरं त्रायते सुतः।
तस्मात् पुत्र इति प्रोक्तः स्वयमेव स्वयम्भुवा  ।।

(विस्तृत श्रीमहाभारत प्रथम खंड, आदि पर्व, संभव उपपर्व अध्याय 74.39)

अर्थ :- 'पुत्र' 'पुत्' नामक नरक से पिता का त्राण करता है, इसलिये साक्षात् ब्रह्माजी ने उसे 'पुत्र' कहा है।।

यदि श्राद्ध करने वाले के पास धन का अभाव हो तो भी वह श्रद्धापूर्वक विनम्र भाव से अपने पितरों को प्रणाम करते हुए दोनों भुजाएं आकाश में उठाकर कहे की मेरे पास कुछ भी नहीं है - तो भी उसके पितर तृप्त होते हैं।

न मेऽस्ति वित्तं न धनं च नान्य-
च्छ्राद्धोपयोग्यं स्वपितृन्नतोऽस्मि।
तृप्यन्तु भक्त्या पितरो मयैतौ
कृतौ भुजौ वर्त्मनि मारुतस्य॥ श्रीविष्णुपुराण 3.15.30

श्रीविष्णुपुराण
श्रीविष्णुपुराण

अर्थ :- मेरे पास श्राद्धकर्म के योग्य न वित्त है, न धन है और न कोई अन्य सामग्री है, अतः मैं अपने पितृगण को नमस्कार करता हूँ, वे मेरी भक्ति से ही तृप्ति लाभ करें। मैंने अपनी दोनों भुजाएँ आकाश में उठा रखी हैं।

प्रतिवर्ष श्राद्धपक्ष में श्रीमद्भागवत महापुराण का मूल पाठ भी किया जाता है जिसके कारण का वर्णन श्रीमद्भागवत माहात्म्य में गोकर्ण और धुँधुकारी की कथा में किया गया है । ऐसे मनुष्य जिन्होंने अपने जीवन काल में केवल निंदित और घोर पापकर्म के सिवाय कुछ और नहीं किया, जिन्होंने अज्ञानवश भी जीवन में कभी कोई पुण्यकर्म नहीं किया, जिन्होंने सदैव दूसरों को दुःख ही दिया, मृत्यु के पश्चात वे प्रेतयोनि को प्राप्त होकर परलोक में नरकों की यातनाओं और नाना प्रकार के दुःखों को भोगते हैं। अपने पितरों द्वारा किए गए कृत्यों के फलस्वरूप उन दुःखों से उन्हें उबारने के लिए मृतक (पितर) के पुत्र और संबंधियों द्वारा श्रीमद्भागवत का सप्ताह पारायण एवं मूल पाठ कराया जाता है जिससे उन दुःखों से पितरों की निवृत्ति हो जाती है।

धन्या भागवती वार्ता प्रेतपीडाविनाशिनी।
सप्ताहोऽपि तथा धन्यः कृष्णलोकफलप्रदः॥
कम्पन्ते सर्वपापानि सप्ताहश्रवणे स्थिते।
अस्माकं प्रलयं सद्यः कथा चेयं करिष्यति॥

श्रीमद्भागवतमहापुराण श्रीमद्भागवतमाहात्म्य 5.53-54

यह प्रेतपीड़ा का नाश करने वाली श्रीमद्भागवत की कथा धन्य है तथा श्रीकृष्णचन्द्र के धाम की प्राप्ति कराने वाला इसका सप्ताह-पारायण भी धन्य है! जब सप्ताहश्रवण का योग लगता है, तब सब पाप थर्रा उठते हैं कि अब यह भागवत की कथा जल्दी ही हमारा अन्त कर देगी। अंत में हम यही कहते हैं की प्रत्येक मनुष्य अपने जीवन काल में सदैव उत्तमोत्तम कर्म करे, स्वयं भी मनुष्य बनें और औरों को भी मनुष्य बनावें दूसरों को कभी दुःख न दे और ईश्वर के भजन-कीर्तनादी में ही अपने मन-बुद्धि को लगावे क्योंकि इस सृष्टि में यह मनुष्य जन्म भगवान के कृपा प्रसाद का अत्यंत दुर्लभ फल है। जीव चौरासी लाख योनियों के चक्र में पड़कर महान आज्ञानांधकार के माहासागर में गोते लगाते हुए अनंतकाल तक दुःखी होता रहता है तब कहीं ईश्वर की कृपा से जीव मनुष्य योनि को प्राप्त करता है।

एक भजन की पंक्तियाँ भी हैं -

मनुष्य जन्म अनमोल रे
इसे मिट्टी में ना रोल रे
अब जो मिला है फिर न मिलेगा
कभी नहीं, कभी नहीं, कभी नहीं रे

लेख-
विशाल प्रजापत
देवास, मध्यप्रदेश

Follow us on social media and share!