आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

भील जनजाति की लोकआस्था में रायकुंडा की महिषासुरमर्दिनी

भील जनजाति की लोकआस्था में रायकुंडा की महिषासुरमर्दिनी


मध्य प्रदेश के मालवा अंचल में इन्दौर मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर महू तहसील के मानपुर ब्लॉक के ग्राम रायकुंडा में देवी आराधना की एक ऐसी परम्परा विद्यमान है, जहाँ प्राचीन इतिहास और वर्तमान जनजातीय लोकआस्था एक दूसरे से जुड़ते दिखाई देते हैं। यहाँ पुरातात्विक अवशेषों के बीच प्राप्त महिषासुरमर्दिनी की प्रतिमा स्थानीय समुदाय की श्रद्धा में शीतला माता के रूप में प्रतिष्ठित है। यह परम्परा इस बात का महत्त्वपूर्ण उदाहरण है कि देवी की आराधना केवल मन्दिरों और शास्त्रीय धार्मिक मान्यताओं तक सीमित नहीं रहती, बल्कि स्थानीय समाज की स्मृतियों, विश्वासों और जीवन पद्धति में भी निरन्तर बनी रहती है।

11वीं और 12वीं शताब्दी के पुरातात्विक अवशेष
पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय, इन्दौर के निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार जनजातीय बहुल ग्राम रायकुंडा में एक प्राचीन कुण्ड के आसपास स्थापत्य और प्रतिमा सम्बन्धी अवशेष प्राप्त हुए हैं। प्रतिवेदन में लगभग 25 गुणा 25 वर्गमीटर के प्राचीन कुण्ड के मध्य 8 गुणा 4 वर्गमीटर की संरचना का उल्लेख है, जिसे मन्दिर की जगती माना गया है। इस संरचना और यहाँ मिले प्रतिमा अवशेषों के आधार पर इस स्थान पर शाक्त मन्दिर होने की सम्भावना व्यक्त की गई है। प्रतिमा अवशेषों में महिषासुरमर्दिनी, गौरी कामदा, अन्धकासुर वध और त्रिपुरान्तक जैसे शिल्प विषयों का उल्लेख मिलता है। उपलब्ध अवशेषों के आधार पर प्रतिवेदन में इस स्थल की प्राचीनता 11वीं से 12वीं शताब्दी ईस्वी की मानी गई है।

यहाँ का प्राचीन जलकुण्ड, मन्दिर की जगती और अन्य स्थापत्य अवशेष इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को समझने के लिए महत्त्वपूर्ण हैं। यद्यपि मन्दिर के मूल स्वरूप और उसके सम्पूर्ण इतिहास की पुष्टि के लिए विस्तृत पुरातात्विक अध्ययन आवश्यक है, फिर भी उपलब्ध निरीक्षण प्रतिवेदन इस स्थल को मालवा की प्राचीन शक्ति आराधना के अध्ययन के लिए महत्त्वपूर्ण बनाता है।

महिषासुरमर्दिनी से शीतला माता:
रायकुंडा और उसके आसपास के गाँवों में भील समुदाय निवास करता है। भील जनजातीय समाज के श्री हिन्दू सिंह सिंगारे और उनका परिवार वर्तमान में यहाँ पूजा और देखरेख का कार्य करता है। स्थानीय जानकारी के अनुसार पीढ़ियों से इस शक्ति स्थल की पूजा भील समुदाय द्वारा ही की जाती रही है। इस स्थान की सबसे उल्लेखनीय विशेषता यह है कि पुरातत्व की दृष्टि से महिषासुरमर्दिनी के रूप में पहचानी गई प्राचीन प्रतिमा को स्थानीय जनजातीय समुदाय शीतला माता के रूप में पूजता है।

शक्ति स्थल की पूजा
शक्ति स्थल की पूजा

पुरातात्विक पहचान और लोकआस्था के इस सम्बन्ध में संस्कृति के दो परस्पर जुड़े पक्ष दिखाई देते हैं। एक ओर प्रतिमा अपने काल की कला, स्थापत्य और धार्मिक परम्परा की साक्षी है, तो दूसरी ओर स्थानीय समाज की श्रद्धा उसे वर्तमान में भी जीवित बनाए हुए है। यहाँ देवी की पूजा केवल अतीत की स्मृति नहीं, बल्कि वर्तमान सामाजिक जीवन का भी हिस्सा है। ग्रामीणों की मान्यता के अनुसार शुभ कार्यों का आरम्भ देवी की आराधना से किया जाता है। इस प्रकार यह देवी स्थल समुदाय की आस्था, विश्वास और सांस्कृतिक पहचान का केन्द्र बना हुआ है।

नवरात्रि और शक्ति उपासना
भारतीय संस्कृति में शक्ति की उपासना अनेक रूपों में प्रकट होती है। रायकुंडा में भील समुदाय की पूजा पद्धति में भी स्थानीय परम्पराओं का विशिष्ट स्वरूप दिखाई देता है। नवरात्रि की नवमी को समुदाय के लोग रोटी का चूरमा बनाकर देवी को भोग लगाते हैं। दशमी के दिन महिषासुर वध की स्मृति में प्रतीकात्मक रूप से बलि पूजा की परम्परा निभाई जाती है।

इन अनुष्ठानों का अपना स्थानीय इतिहास, सांस्कृतिक सन्दर्भ और सामुदायिक महत्त्व है। रायकुंडा शक्ति परम्परा के इसी स्थानीय स्वरूप को समझने का एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण है।यहाँ पुरातात्विक पहचान और स्थानीय जनजातीय आस्था को परस्पर विरोधी मानने के बजाय उनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक सम्बन्धों का अध्ययन अधिक उपयोगी होगा। इससे यह समझने में सहायता मिलती है कि किसी प्राचीन धार्मिक स्थल का महत्त्व समय के साथ स्थानीय समाज की स्मृतियों और विश्वासों में किस प्रकार बना रहता है।
पुरातत्व विभाग के निरीक्षण प्रतिवेदन में कुण्ड और प्रतिमा अवशेषों के क्षरण की स्थिति का उल्लेख किया गया है। प्रतिवेदन में संरचना के महत्त्व को देखते हुए स्थल की सफाई की आवश्यकता भी बताई गई है। यदि कुण्ड की खुदाई या अन्य संरक्षण कार्य किए जाते हैं, तो स्थानीय समुदाय की आस्था और उनकी सहभागिता को ध्यान में रखना आवश्यक होगा। यहाँ की प्रतिमाओं की नियमित पूजा होती है, इसलिए संरक्षण की प्रक्रिया केवल पुरातात्विक दृष्टि से नहीं, बल्कि स्थानीय धार्मिक परम्पराओं को ध्यान में रखते हुए भी की जानी चाहिए। इस स्थल का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण, प्रतिमाओं का विशेषज्ञ अध्ययन, स्थापत्य अवशेषों का संरक्षण और स्थानीय मौखिक इतिहास का अभिलेखन आवश्यक है। पुरातत्व विशेषज्ञों, इतिहासकारों और स्थानीय समुदाय के संयुक्त प्रयासों से रायकुंडा की इस विरासत को अधिक व्यवस्थित रूप से सुरक्षित रखा जा सकता है।

गाँवों में शक्ति की लोकधारा
रायकुंडा की महिषासुरमर्दिनी और शीतला माता की परम्परा यह बताती है कि भारत की सांस्कृतिक विरासत केवल प्रसिद्ध तीर्थस्थलों तक सीमित नहीं है। छोटे गाँवों में स्थित प्राचीन प्रतिमाएँ, जलकुण्ड, स्थापत्य अवशेष और पीढ़ियों से चली आ रही पूजा पद्धतियाँ भी हमारी सांस्कृतिक स्मृति के महत्त्वपूर्ण अंग हैं। इन परम्पराओं को स्थानीय जनजातीय समाज आज भी सुरक्षित रखे हुए है।

मेरे द्वारा ‘शक्ति की लोकधारा’ श्रृंखला के माध्यम से ऐसे ही देवी स्थलों और जनजातीय लोकपरम्पराओं को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि पुरातत्व में सुरक्षित इतिहास और लोकजीवन में जीवित आस्था, दोनों को उचित पहचान मिल सके। रायकुंडा हमें यह समझने का अवसर देता है कि विरासत का संरक्षण केवल पत्थरों और प्रतिमाओं को सुरक्षित रखना नहीं है। इसमें उन समुदायों की स्मृतियों, विश्वासों और सांस्कृतिक पहचान का सम्मान भी शामिल है, जिन्होंने पीढ़ियों से इन परम्पराओं को जीवित रखा है।

लेख-
डॉ. दीपमाला रावत विषय विशेषज्ञ, जनजातीय प्रकोष्ठ 
लोक भवन, भोपाल (मध्यप्रदेश)

Follow us on social media and share!