आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

डंगचघिन दाई : दारिका नटनी की समाधि से लोकदेवी तक

डंगचघिन दाई : दारिका नटनी की समाधि से लोकदेवी तक


जांजगीर शहर के पश्चिमी छोर पर स्थित 'चोरभट्टी' आज एक घनी बस्ती है, लेकिन करीब 100 साल पहले यह एक वीरान इलाका हुआ करता था। उस समय यहाँ ईंट पकाने की बड़ी-बड़ी भट्टियाँ थीं और शहर से दूर होने के कारण यहाँ घुमंतू जातियाँ डेरा डालते थे। छत्तीसगढ़ में नट समुदाय के लोग बाँस या डांग पर चढ़कर करतब दिखाते हैं; ऐसे करतब दिखाने वाली महिलाओं को 'डंगचघिन' और पुरुषों को 'डंगचघा' कहा जाता है। चोरभट्टी में स्थित होने के कारण यहाँ पूजित देवी को 'चोरभट्टी वाली डंगचघिन दाई' कहा जाता है। भारत सरकार ने इस नट समुदाय को अनुसूचित जाति व विमुक्त (डिनोटिफाइड ट्राइब) श्रेणी में शामिल किया है। आइए, इस लेख के माध्यम से डंगचघिन दाई की लोककथा और उससे जुड़ी आस्था को जानते हैं।

मुख्य उत्पत्ति कथा - दारिका नटनी की समाधि
ब्रिटिश शासन द्वारा लागू किए गए 'क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट' (1871) जैसे कानूनों के तहत कई घुमंतू समुदायों को 'जन्मजात अपराधी' घोषित कर दिया गया था। इसके चलते ऐसे समुदायों के लिए कई शहरों और गाँवों में बसना प्रतिबन्धित हो गया था। चूंकि नट जाति को भी इस कानून के तहत 'क्रिमिनल ट्राइब' घोषित किया गया था, इस कारण बीसवीं सदी के आरंभ से ही जांजगीर शहर में भी नट जाति के लोगों का प्रवेश बंद था।

इसी दौर में एक नट परिवार जांजगीर शहर से दूर चोरभट्टी के उस वीरान टीले के पास आकर बस गया। उसी परिवार में दारिका नाम की एक युवती थी। वह पारंपरिक नाच-गान और करतबों में अत्यंत निपुण होने के साथ-साथ बेहद स्वाभिमानी भी थी। उस समय दारिका गर्भवती थी।

नट समुदाय की पारम्परिक कला
नट समुदाय की पारम्परिक कला

लोक मान्यता के अनुसार वह गर्भवती अवस्था में भी उस डांग पर चढ़कर नाचती और लोगों का मनोरंजन करती थी। एक दिन अचानक प्रसव पीड़ा के कारण दारिका की मृत्यु हो गई। बाद में उसके परिवार ने उसी डांग पर उसकी समाधि बना दी। शुरुआत में वह केवल एक समाधि थी। नट परिवार वहाँ दीया जलाते थे।

धीरे-धीरे लोगों ने देखा कि जो भी उस समाधि पर सच्चे मन से गुहार लगाता है, उसकी मनोकामना पूरी होती है। विशेषकर संतानहीन महिलाओं की गोद भर जाती है। समय के साथ वह समाधि ही डंगचघिन दाई के रूप में पूजी जाने लगी। आज जो त्रिकोणाकार, सिंदूर लिपटा पाषाण दिखता है, वह वास्तव में दारिका नटनी की समाधि का ही परिवर्तित रूप है।

डंगचघिन दाई की समाधि
डंगचघिन दाई की समाधि

समाधि से देवी बनने की प्रक्रिया
दारिका की समाधि का देवी में रूपांतरण तीन चरणों में हुआ।
पहला चरण - भय और श्रद्धा: गर्भवती स्त्री की मृत्यु को लोक में शक्तिशाली आत्मा माना जाता है। लोग डर के कारण वहाँ दिया जलाने लगे।
दूसरा चरण - चमत्कार की कथाएँ: कथाएँ फैलीं कि दारिका दाई रात में डंग पर नाचती दिखती है, उसकी पायल की आवाज आती है। इससे श्रद्धा जागृत होने लगी। 
तीसरा चरण - ग्राम देवी के रूप में प्रतिष्ठा: लोगों को एक ग्राम रक्षिका की जरूरत थी। उस ऊँचे टीले पर स्थित समाधि को ही सिंदूर, चूड़ी, साड़ी चढ़ाकर दाई का रूप दे दिया गया। यह कथा इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ की लोक-संस्कृति कितनी उदार है, जहाँ नटनी देवी बनकर पूजी जाती है।

बासी भोग की परम्परा
भक्ति में ईश्वर भाव के भूखे होते हैं।भक्त अपने आहार व्यवहार के अनुसार ही अपने आराध्य को भोग लगाते है। बंगाल और असम में जहाँ मुख्य आहार मछली और चावल है, वहाँ शाक्त परंपरा में माँ काली या कामाख्या को आमिष (मत्स्य/बलि) भोग लगाने की प्राचीन तांत्रिक व लोक परंपरा रही है। दक्षिण में देखें तो चावल, इमली, नारियल और काली मिर्च की प्रचुरता के कारण तिरुपति या मीनाक्षी मंदिर में पुलियोगरे (इमली-चावल), पोंगल और दही-चावल का प्रसाद मुख्य है। छत्तीसगढ़ में बासी यहाँ का प्रमुख भोजन रहा है, इसलिए चोरभट्टी की डंगचघिन दाई के यहाँ आज भी बासी का भोग लगता है। महिलाएँ अपने घर के नए चावल का भात बनाकर, मिट्टी की बोरसी में रात भर भिगोकर, सुबह सिर पर रखकर दाई को चढ़ाने आती हैं। छत्तीसगढ़ में शीतला माता को बासी चढ़ाने की परंपरा भी रही है। 

दाई को बासी का भोग
दाई को बासी का भोग

लोक मान्यताएँ
डंगचघिन दाई न्याय की देवी के रूप में प्रतिष्ठित है। भूमि विवाद अथवा चोरी की घटनाओं में लोग आज भी न्याय की गुहार लेकर डंगचघिन दाई की चौखट पर पहुँचते हैं। लोकविश्वास है कि दाई के दरबार में पीड़ित को न्याय अवश्य मिलता है। शिशुओं और माताओं की संरक्षिका डंगचघिन दाई को जनसामान्य नवजातों की संरक्षिका मानता है। अंचल में शिशु जन्म के उपरान्त 'छठी' संस्कार पर दाई की समाधि की भभूति का टीका लगाने की परम्परा है, जिससे बच्चे को व्याधियों और अनिष्ट से बचाया जा सके। सन्तान प्राप्ति, असाध्य रोगों के निवारण एवं पारिवारिक कष्टों से मुक्ति के लिए श्रद्धालु यहाँ नारियल, चुनरी और मिट्टी के खिलौने अर्पित कर कामना करते हैं।

लेख-
डॉ. अलका यादव
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ 

Follow us on social media and share!