आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

आज का पंचांग

संवत् 2083 विक्रमी | कार्तिका शुक्ल दशमी | गुरुवार

नक्षत्र: पूर्वाभाद्रपद | योग: हर्षण | करण: तैतिल

पर्व विशेष : | तदनुसार 19 नवंबर 2026

प्रतियोगी परीक्षा की विफलता से राष्ट्रपति पद तक: डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी की जीवन यात्रा

प्रतियोगी परीक्षा की विफलता से राष्ट्रपति पद तक: डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी की जीवन यात्रा


साल 1958 की सर्दियाँ थीं। देहरादून में भारतीय वायु सेना के चयन बोर्ड के बाहर 27 वर्ष का एक नौजवान खड़ा था। नाम था अबुल पाकिर जैनुलाब्दीन अब्दुल कलाम। बचपन से उनका एक सपना था, लड़ाकू विमान का पायलट बनकर आकाश में उड़ना। रामेश्वरम में बचपन के दिनों में वे समुद्र के ऊपर उड़ते पक्षियों को देखा करते थे। वहीं से उनके भीतर उड़ान को समझने और स्वयं आकाश में उड़ने की इच्छा पैदा हुई।

मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद वे अपने इसी सपने के निकट पहुँचे थे। लेकिन परिणाम आया तो उनका चयन नहीं हुआ। कुल 25 प्रत्याशियों में से 8 को चुना जाना था और डॉ. कलाम नौवें स्थान पर रहे। एक पायदान के अन्तर से उनका वर्षों से देखा सपना पूरा नहीं हो सका। उस समय उनके पास सीमित धन था और इस असफलता ने उन्हें भीतर तक निराश कर दिया। हताश होकर वे ऋषिकेश की ओर चले गए। उनके मन में एक ही प्रश्न था कि जिस लक्ष्य के लिए उन्होंने वर्षों तक परिश्रम किया, वह उनसे क्यों छूट गया।

गंगा के तट पर घूमते हुए वे शिवानन्द आश्रम पहुँचे। वहाँ उनकी भेंट स्वामी शिवानन्द से हुई। डॉ. कलाम ने अपनी निराशा उनके सामने रखी। स्वामीजी ने उन्हें समझाते हुए कहा: “इस पराजय को अपनी नियति का अंत मत समझो, बेटा। इसे एक दैवीय संकेत मानो। जो द्वार आज तुम्हारे लिए बंद हुआ है, वह शायद तुम्हारे अस्तित्व के लिए बहुत संकरा था। यह असफलता तुम्हें उस राह से मोड़ रही है, जहाँ तुम सिर्फ़ एक वैमानिक बनते। अपनी जिज्ञासा और निष्ठा को टूटने मत दो नियति ने तुम्हारे कंधों के लिए किसी और ही विराट आकाश की रचना की है।”

स्वामी शिवानन्द से मिली नई दिशा
स्वामी शिवानन्द से मिली नई दिशा

यह उनके जीवन के लिए एक नई दिशा बनी। डॉ. कलाम दिल्ली लौटे और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन में वरिष्ठ वैज्ञानिक सहायक के पद पर कार्य प्रारम्भ किया। आगे चलकर वे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन से जुड़े और भारत के अंतरिक्ष तथा रक्षा कार्यक्रमों में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। यदि देहरादून की उस असफलता को उन्होंने अपने जीवन का अन्तिम निर्णय मान लिया होता, तो उनका आगे का जीवन शायद वैसा नहीं होता, जैसा भारत ने बाद के दशकों में देखा। SLV-3, पृथ्वी और अग्नि जैसी परियोजनाओं तथा 1998 के पोखरण परीक्षणों से उनका नाम जुड़ा। उनके जीवन का यह प्रसंग बताता है कि किसी एक चयन प्रक्रिया में मिली असफलता मनुष्य की सम्भावनाओं का अन्त नहीं होती।

अंकों की दौड़ और विद्यार्थी का मानसिक दबाव
15 अक्टूबर को डॉ. कलाम की जयंती के अवसर पर उन्हें याद करते समय उनके जीवन के इस पक्ष पर भी विचार किया जाना चाहिए। आज विद्यार्थियों के सामने अंक, परसेंटाइल, कट ऑफ, प्रतियोगी परीक्षाएँ और कोचिंग की प्रतिस्पर्धा बड़ा दबाव पैदा करती हैं। कई बार किसी परीक्षा में एक अंक कम आने या मनचाही सीट न मिलने को विद्यार्थी अपने पूरे भविष्य की असफलता मान बैठता है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों से जुड़ी आत्महत्या की खबरें इस समस्या की गम्भीरता सामने रखती हैं। सफलता की परिभाषा यदि केवल अंक और चयन तक सीमित कर दी जाए, तो उस दायरे से बाहर रह जाने वाला विद्यार्थी स्वयं को असफल समझने लगता है। डॉ. कलाम का जीवन इसके ठीक विपरीत उदाहरण प्रस्तुत करता है। उनकी सबसे बड़ी आकांक्षाओं में से एक पूरी नहीं हुई, लेकिन यही असफलता उन्हें दूसरी दिशा में ले गई। असफलता किसी जीवन की एक घटना हो सकती है, वह किसी व्यक्ति की सम्पूर्ण पहचान नहीं होती। तीन घंटे की परीक्षा किसी विद्यार्थी के उस दिन के प्रदर्शन का आकलन कर सकती है, लेकिन वह यह तय नहीं कर सकती कि आने वाले दशकों में उसका ज्ञान, परिश्रम और चरित्र समाज को क्या दे सकता है।

विद्यार्थियों के बीच डॉ. कलाम
विद्यार्थियों के बीच डॉ. कलाम

कक्षा से समुद्र तट तक: अनुभव से सीखने का पाठ
डॉ. कलाम के विद्यार्थी जीवन की एक घटना शिक्षा के स्वरूप पर भी प्रश्न खड़े करती है। रामेश्वरम के प्राथमिक विद्यालय में पाँचवीं कक्षा में पढ़ते समय उनके अध्यापक शिवसुब्रमण्य अय्यर पक्षियों की उड़ान का वैज्ञानिक सिद्धान्त समझा रहे थे। उन्होंने ब्लैक बोर्ड पर पंखों की बनावट, हवा के दबाव और उड़ान से जुड़े सिद्धान्त समझाए। पाठ पूरा होने के बाद उन्होंने विद्यार्थियों से पूछा कि क्या वे विषय समझ गए हैं। डॉ. कलाम सहित कई विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें बात पूरी तरह समझ में नहीं आई।

अय्यर ने केवल वही पाठ दोहराने या बच्चों को परिभाषाएँ याद कराने के बजाय उन्हें समुद्र तट पर ले जाने का निर्णय लिया। वहाँ समुद्री पक्षी पंख फैलाकर उड़ रहे थे। अध्यापक ने बच्चों को उनकी उड़ान ध्यान से देखने को कहा। उन्होंने बताया कि पक्षी अपने पंखों, पूँछ और शरीर की स्थिति बदलकर किस प्रकार दिशा और सन्तुलन नियंत्रित करते हैं। डॉ. कलाम ने बाद में अपनी आत्मकथा ‘Wings of Fire’ (अग्नि की उड़ान) में इस अनुभव का उल्लेख किया। उस दिन उन्होंने उड़ान के विज्ञान को केवल पुस्तक के चित्रों और परिभाषाओं में नहीं, प्रकृति के बीच प्रत्यक्ष देखा। इस अनुभव ने उनके भीतर वैमानिकी के प्रति आकर्षण को और गहरा किया।

डॉ. कलाम से जुड़ा एक प्रसिद्ध कथन है: “राष्ट्र के सबसे प्रखर और उर्वर मस्तिष्क अक्सर कक्षाओं की आखिरी बेंचों पर बैठे पाए जाते हैं।” यह कथन शिक्षक और अभिभावक, दोनों के लिए विचारणीय है। प्रत्येक विद्यार्थी एक ही प्रकार से नहीं सीखता। कोई परिभाषा से समझता है, कोई प्रयोग से और कोई प्रत्यक्ष अनुभव से। शिक्षा का उद्देश्य केवल प्रश्नों के उत्तर याद कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थी की जिज्ञासा को दिशा देना भी है।

आत्मकथा अग्नि की उड़ान
आत्मकथा अग्नि की उड़ान

सतीश धवन से मिला नेतृत्व का पाठ
असफलता को स्वीकार करने और उसके बाद टीम का नेतृत्व करने का एक महत्त्वपूर्ण प्रसंग 10 अगस्त 1979 से जुड़ा है। भारत का स्वदेशी उपग्रह प्रक्षेपण यान SLV-3 श्रीहरिकोटा से छोड़ा जाना था। डॉ. कलाम इस मिशन के प्रोजेक्ट डायरेक्टर थे। प्रक्षेपण के दौरान तकनीकी समस्या आई और मिशन अपने निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुँच सका। उपग्रह को कक्षा में स्थापित नहीं किया जा सका। इस असफलता ने पूरी वैज्ञानिक टीम को निराश कर दिया। इसके बाद पत्रकारों के सामने मिशन की विफलता का उत्तर देना था।

तत्कालीन इसरो अध्यक्ष प्रोफेसर सतीश धवन आगे आए। उन्होंने टीम को पीछे रखा और प्रेस के सामने जिम्मेदारी स्वयं स्वीकार की। उन्होंने कहा: “हमारी टीम ने असाधारण मेहनत की थी, लेकिन कुछ अप्रत्याशित तकनीकी अड़चनों के कारण हम लक्ष्य हासिल नहीं कर सके। इस पूरी नाकामी की जिम्मेदारी मैं, बतौर इसरो अध्यक्ष, अपने ऊपर लेता हूँ। मुझे अपने वैज्ञानिकों पर पूरा भरोसा है, अगली बार हम निश्चित रूप से सफल होंगे।” लगभग 11 महीने बाद 18 जुलाई 1980 को SLV-3 ने सफलतापूर्वक रोहिणी उपग्रह को पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया। इस बार परिस्थिति अलग थी।

सफलता के बाद प्रोफेसर धवन ने स्वयं पीछे रहकर डॉ. कलाम और उनकी टीम को प्रेस के सामने भेजा। उन्होंने कहा: आज बोलने का हक कलाम और उनकी टीम का है।” डॉ. कलाम ने इस अनुभव से नेतृत्व का एक महत्त्वपूर्ण सिद्धान्त सीखा: “जब असफलता आए, तो नेता को सबसे आगे ढाल बनकर खड़ा होना चाहिए और जब सफलता मिले, तो अपनी टीम को आगे कर देना चाहिए।” यह प्रसंग बताता है कि नेतृत्व केवल अधिकार का नाम नहीं है। नेतृत्व में असफलता की जिम्मेदारी स्वीकार करना और सफलता का श्रेय अपनी टीम को देना भी शामिल है।

असफलता से सफलता तक SLV-3
असफलता से सफलता तक SLV-3

डॉ. कलाम का बचपन साधारण आर्थिक परिस्थितियों में बीता। रामेश्वरम में वे सुबह जल्दी उठकर अखबार बाँटने का काम करते थे। पढ़ाई के लिए उन्हें सीमित साधन उपलब्ध थे, लेकिन उन्होंने इन्हीं परिस्थितियों में अपनी शिक्षा जारी रखी। आगे चलकर वे वैज्ञानिक बने और फिर देश के 11वें राष्ट्रपति। पद बदल गया, लेकिन उनकी व्यक्तिगत सादगी उनके सार्वजनिक जीवन की प्रमुख पहचान बनी रही। राष्ट्रपति भवन में रहते हुए भी उन्होंने अपने निजी जीवन को साधारण रखा। पुस्तकों और अध्ययन से उनका सम्बन्ध अन्त तक बना रहा। वे अपने रिश्तेदारों से जुड़े निजी खर्चों को स्वयं वहन करने पर भी जोर देते थे।

2007 में राष्ट्रपति पद का कार्यकाल समाप्त होने के बाद वे फिर शिक्षण, लेखन और विद्यार्थियों के बीच संवाद में सक्रिय हो गए। उनका सार्वजनिक जीवन इस बात का उदाहरण बना कि किसी पद की प्रतिष्ठा व्यक्ति की जीवन शैली को अनिवार्य रूप से बदल दे, यह आवश्यक नहीं है। 27 जुलाई 2015 को आईआईएम शिलांग में विद्यार्थियों को सम्बोधित करते समय उनका निधन हुआ। जीवन के अन्तिम समय तक वे विद्यार्थियों के बीच थे। वैज्ञानिक और राष्ट्रपति के साथ शिक्षक की उनकी पहचान भी उतनी ही महत्त्वपूर्ण रही।

प्रेरणा स्त्रोत 
डॉ. कलाम की जयंती पर उन्हें केवल औपचारिक रूप से याद करना पर्याप्त नहीं है। उनके जीवन से मिलने वाली सीख हमारे विद्यार्थी जीवन, शिक्षा व्यवस्था और नेतृत्व के व्यवहार में दिखाई देनी चाहिए। किसी परीक्षा, साक्षात्कार या चयन प्रक्रिया का परिणाम जीवन का अन्तिम निर्णय नहीं होता। असफलता के बाद दिशा बदल सकती है, लेकिन आगे बढ़ने की सम्भावना समाप्त नहीं होती।

राष्ट्रपति से बढ़कर एक शिक्षक
राष्ट्रपति से बढ़कर एक शिक्षक

डॉ. कलाम युवाओं को बड़ा लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित करते थे। उनका कथन था: ‘छोटा लक्ष्य रखना अपराध है।’ इसका आशय केवल ऊँचा पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि अपनी क्षमता को किसी व्यापक उद्देश्य से जोड़ना है। विद्यार्थियों, शोधार्थियों और युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव को समझना भी उतना ही आवश्यक है। किसी व्यक्ति का मूल्य उसकी मार्कशीट, रैंक या नौकरी से तय नहीं किया जा सकता। परिवार, शिक्षक और समाज की जिम्मेदारी है कि वे असफलता से गुजर रहे युवा को अगला अवसर देखने की दृष्टि दें।

देहरादून में नौवें स्थान पर रह जाने के कारण डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम पायलट नहीं बन सके। लेकिन उनका जीवन वहीं समाप्त नहीं हुआ। उन्होंने अपनी दिशा बदली और उसी परिवर्तन ने उन्हें वैज्ञानिक, शिक्षक और राष्ट्रपति के रूप में देश के सामने स्थापित किया। जीवन में कोई एक दरवाजा बन्द होना अन्त नहीं होता। कई बार वही घटना मनुष्य को उस दिशा में ले जाती है, जिसके बारे में उसने पहले कभी सोचा भी नहीं होता। डॉ. कलाम का जीवन इसी सम्भावना को समझने का एक महत्त्वपूर्ण उदाहरण है।

इंतजार करने वालों को सिर्फ उतना ही मिलता है, जितना कोशिश करने वाले छोड़ देते हैं।- डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम

लेख-
ऋचा विशाल शर्मा

रायपुर, छत्तीसगढ़

Follow us on social media and share!